प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज के अंदावा में एक रैली को संबोधित किया. इस दौरान वे कांग्रेस पर खूब बरसे. इससे पहले पीएम मोदी ने यहां पर कुंभ कमांड और कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण किया. पीएम इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाइक संगम तट पर गंगा पूजन में शामिल हुए
गांधी परिवार के गढ़ से कांग्रेस पर बोला हमला
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली पहुंचे. यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा उनसे पहले भी नेहरू-गांधी परिवार का राजनीतिक दुर्ग रहे रायबरेली का पीएम मोदी का यह पहला दौरा था. रायबरेली पहुंचने पर पीएम मोदी ने मॉडर्न कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया. प्रधानमंत्री ने यहां पर 1100 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया.
पीएम मोदी ने इसके बाद यहां पर एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. रक्षा सौदे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वायुसेना को कभी मजबूत नहीं होने दिया. रक्षा सौदे के मामले में कांग्रेस का इतिहास क्वात्रोची मामा का रहा और कुछ दिन पहले एक और आरोपी मिशेल चाचा को लाया गया है और हमने देखा है कि कांग्रेस कैसे इनको बचाने के लिए अपना वकील अदालत में भेजी. कांग्रेस क्या इसलिए भड़की हुई है क्योंकि बीजेपी सरकार जो रक्षा सौदे कर रही उसमें क्वात्रोची मामा और मिशेल अंकल नहीं हैं.
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने कुछ महीने पहले ही प्रस्ताव दिया था कि वह ऐसे देशों के लिए बुलेट ट्रेन के डिब्बे बनाने और निर्यात करने को इच्छुक है, जो तेज रफ्तार गलियारे का निर्माण कर रहे हैं. इस कारखाने को लेकर पहले ही कई देश अपनी रूचि दिखा चुके हैं. कोरिया, जापान, जर्मनी, चीन और ताइवान के अधिकारी कारखाने का दौरा कर चुके हैं.
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि कई देश कम उत्पादन लागत की वजह से भारत का इस्तेमाल विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में कर सकते हैं. प्रधानमंत्री के दौरे के बारे में अधिकारी ने कहा, 'यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है. प्रधानमंत्री का यहां आना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे यह संदेश जाएगा कि भारत उसके कारखानों में तैयार डिब्बों के निर्यात के लिए प्रतिस्पर्धी बाजार में उतर रहा है.'
बता दें कि रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी वर्ष 2014 में इस सीट से एक बार फिर सांसद बनने के बाद स्वास्थ्य कारणों से बहुत कम ही बार रायबरेली आ सकी हैं. पिछले साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में भी सेहत सम्बन्धी समस्याओं के कारण सोनिया प्रचार नहीं कर सकी थीं.
No comments:
Post a Comment